महराजगंज में बर्थडे पार्टी से पहले मातम: डंपर ने 4 युवकों को कुचला, एक ही बाइक पर सवार थे सभी
जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार युवकों की मौत हो गई। चारों एक बाइक पर सवार होकर दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। निचलौल-महराजगंज मार्ग पर दमकी गांव के पास उनकी बाइक की डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक करीब 10 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसा भारत गैस एजेंसी के पास हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, डंपर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि बाइक को बचाने की कोशिश में डंपर चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद डंपर बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बर्थडे पार्टी में जा रहे थे चारों युवक
पचमा गांव निवासी सन्नी, शिव, विवेक और संतोष दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। चारों एक ही परिवार के थे। इनमें विवेक और संतोष सगे भाई थे। दमकी गांव के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद घायल युवक को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। चारों युवकों को सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।











