महराजगंज में जमीन बेचने से नाराज युवती बंदूक लेकर चौकी पहुंची: चाचा-चाची पर मारपीट का लगाया आरोप, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीन के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक युवती लाइसेंसी बंदूक लेकर परतावल चौकी पहुंच गई। धरमौली गांव की युवती को हाथ में बंदूक लिए देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। पुलिस ने बंदूक लेने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने उसे देने से इनकार कर दिया और रोने लगी। बाद में पुलिस ने उसे समझाकर शांत कराया और बंदूक अपने कब्जे में लेकर मालखाने में जमा करा दी।
पीड़िता नंदनी ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं। परिवार में जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। वह अपने हिस्से की जमीन की मांग कर रही है। उसका आरोप है कि उसके बाबा रामानंद ने चाचा के कहने पर करीब दो डिसमिल जमीन बेच दी। नंदनी ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चाचा राजकुमार, चाची चिंतामणि और चाचा खदेरु यादव ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
विवाद के बाद चौकी पहुंची थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, रविवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर परतावल चौकी पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय नंदनी ने अपने चाचा-चाची पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। वह इसी विवाद को लेकर लाइसेंसी बंदूक लेकर परतावल चौकी पहुंच गई। वहां पुलिसकर्मियों ने उससे बंदूक लेने की कोशिश की, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया और रोने लगी। पुलिस ने बाद में बंदूक कब्जे में लेकर मालखाने में जमा कर दी और नंदनी को समझाकर घर भेज दिया।
दूसरे पक्ष ने भी नंदनी पर लगाए आरोप
विवाद में दूसरे पक्ष की चिंता देवी ने भी नंदनी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उसने नंदनी पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया। साथ ही लाइसेंसी बंदूक के दुरुपयोग की शिकायत भी की। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई
परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मामला पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चाचा और भतीजी के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











