महराजगंज में अज्ञात वाहन ने दो दोस्तों को कुचला: हादसे के बाद सड़क पर पड़े रहे शव, टूटे मोबाइल से हुई पहचान
सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेवरा निवासी दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूरज और नीतीश यादव बाइक से किसी जरूरी काम से परतावल कस्बे की ओर जा रहे थे। छपिया गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। देर रात सड़क पर सन्नाटा होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों से शव कुचलते रहे। दोनों के चेहरे बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। पुलिस ने उनके पास मिले क्षतिग्रस्त मोबाइल के जरिए परिजनों की जानकारी जुटाई और उन्हें घटना की सूचना दी।
देर रात पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी उधर से गुजरी तो सड़क पर शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दोनों युवकों के पास मिले टूटे मोबाइल से परिजनों का पता लगाया गया। सूचना मिलते ही पिपरदेवरा में चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो दोनों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त रविवार रात जरूरी काम से परतावल जा रहे थे। छपिया गांव के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो सके। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।
सूरज की कमाई से चलता था परिवार
21 वर्षीय सूरज परिवार में दूसरे नंबर का बेटा था। उसके पिता बाबूराम मजदूरी करते हैं। सूरज दिल्ली में पेंटिंग का काम करता था और कमाई से घर की जिम्मेदारियों में पिता का हाथ बंटाता था। परिवार की दो बहनों की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
गांव में पसरा मातम
16 वर्षीय नीतीश यादव परिवार का सबसे छोटा बेटा था। बचपन में ही उसकी मां की मौत हो गई थी। इसके बाद पिता पप्पू यादव ने ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाकर उसका पालन-पोषण किया। रविवार रात घर से निकलते समय पिता ने उसे देर रात बाहर जाने से मना किया था। पप्पू यादव ने बताया कि मना करने पर नीतीश ने एक-दो घंटे में काम निपटाकर लौटने की बात कही थी। दोनों दोस्तों की मौत से पिपरदेवरा और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।











