डीएम ने दो छात्रों को किया सम्मानित: महिला को बचाने तेज बहाव में कूदे, सुरक्षित बाहर निकाल बचाई जान

महाराजगंज|14 सितंबर 2026
महिला को बचाने तेज बहाव में कूदे, सुरक्षित बाहर निकाल बचाई जान

नहर में कूदी महिला को बचाने के लिए दो छात्रों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव में छलांग लगा दी। दोनों ने साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस बहादुरी के लिए जिले के निचलौल क्षेत्र के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को सम्मानित किया। डीएम ने अपने कार्यालय में दोनों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह दिया। उनके स्कूल के प्रधानाचार्य को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित छात्र कृष्णा गुप्ता सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन कोहड़वल, थाना निचलौल के निवासी हैं। दोनों मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के विद्यार्थी हैं। घटना निचलौल थाना क्षेत्र की है। पुलिस को महिला के नहर में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद कृष्णा और सद्दाम ने महिला को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बीच दोनों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

डीएम ने बताया प्रेरणादायक कदम

डीएम ने दोनों छात्रों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संकट में फंसी महिला की मदद कर इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। उनका यह प्रयास प्रेरणादायक है। ऐसे साहसिक कार्य समाज में मानवीय संवेदना को मजबूत करते हैं और युवाओं को बिना स्वार्थ दूसरों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा देते हैं।

राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे नाम

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों में साहस, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने दोनों छात्रों को समाज और देश की कीमती धरोहर बताया। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला सूचना अधिकारी को कृष्णा और सद्दाम के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों छात्रों का साहस अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।