महराजगंज में बसपा पूर्व जिलाध्यक्ष की कार का हुआ एक्सीडेंट: हादसे में छह लोग घायल, नेपाल घूमने जा रहे थे सभी
महराजगंज के नौतनवा बाईपास पर मंगलवार दोपहर तेज टक्कर के बाद अर्टिगा कार पलट गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। सभी संतकबीरनगर के बखिरा क्षेत्र के रहने वाले हैं और नेपाल घूमने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अमरढोभा निवासी मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद ताल्हा, मोहम्मद हसन, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद अब्दुल्ला और मोहम्मद इलियास से अर्टिगा कार से गोरखपुर से सोनौली की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 12:40 बजे नौतनवा बाईपास पर पेट्रोल पंप के पास उनकी कार आगे चल रही बसपा के महराजगंज पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव की कार से टकरा गई। टक्कर के बाद अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना पर नौतनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले की जांच की जा रही है।











