महराजगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सुनी समस्याएं: आवास और पेंशन के मामले पहुंचे, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को महराजगंज स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई की। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, पेंशन, आवास और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। पंकज चौधरी ने एक-एक कर फरियादियों की बात सुनी और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने स्थानीय स्तर पर लंबित विकास कार्यों और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की जानकारी दी। कुछ लोगों ने भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग की तो कई फरियादियों ने बिजली, सड़क और आवास से संबंधित समस्याएं रखीं। पुलिस से जुड़े मामलों में भी लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। पंकज चौधरी ने फरियादियों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
सुबह से ही पहुंचने लगे थे फरियादी
जनसुनवाई में कई ऐसे लोग भी पहुंचे, जिन्होंने पहले संबंधित विभागों में शिकायत किए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने की बात कही। ऐसे मामलों में पंकज चौधरी ने अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री के आवास पर सुबह से ही फरियादियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। जनसुनवाई के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष के आवास पहुंचकर जताई संवेदना
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी शनिवार को बरवा फहीम पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
पंकज चौधरी ने परिजनों से मुलाकात कर दिवंगत के निधन पर दुख व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनके दुख को साझा किया और उन्हें संबल प्रदान किया। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, चेयरमैन राजेश जायसवाल, प्रमुख वेद शुक्ला समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

