महाराजगंज में एसएसबी जवान ने की आत्महत्या: सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, ढाई महीने पहले बड़े भाई का हुआ था निधन

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एक बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान ने कथित तौर पर सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले थे मंजीत
मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले मंजीत कुमार (33 वर्ष) के रूप में हुई है और वह एसएसबी की 66वीं बटालियन के तहत खनुवा आउटपोस्ट पर तैनात थे।
कुछ समय से परेशान थे मंजीत
यह घटना शनिवार रात करीब 1:40 बजे हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुमार के परिवार वालों को उनकी मौत की जानकारी दे दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लगभग ढाई महीने पहले कुमार के बड़े भाई का निधन हो गया था। वह छुट्टी के बाद तीन अक्टूबर को ड्यूटी पर लौटे थे और तब से ही वे परेशान बताए जा रहे थे।
घटना की सूचना पर एसएसबी के डीआईजी दीपक बरनवाल और डिप्टी कमांडेंट अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने विभागीय स्तर पर जांच-पड़ताल की। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह और सोनौली थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ल भी घटनास्थल पर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

