महराजगंज में 12वीं के छात्र की संदिग्ध मौत: पेड़ से लटका मिला शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

बागापार पुलिस चौकी क्षेत्र के टोला नदुवा में सोमवार को छात्र का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संगम चौहान पुत्र रमेश चौहान के रूप में हुई है, जो कक्षा 12 का छात्र था। शव गांव के पश्चिम स्थित एक पोखरे के पास प्लास्टिक के पट्टे के सहारे पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना पर बागापार पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
परिवार में शोक का माहौल
मृतक के पिता रमेश चौहान ने बताया कि उन्हें बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









