महराजगंज में रिहायशी इलाके के पास दिखा तेंदुआ: मुर्गी फार्म तक पहुंचा, शोर मचते ही जंगल की ओर लौटा

महाराजगंज|57 मिनट पहले
मुर्गी फार्म तक पहुंचा, शोर मचते ही जंगल की ओर लौटा

सोहगी बरवा वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत पकड़ी रेंज के कटहरा गांव में रविवार सुबह तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुआ रिहायशी इलाके से होते हुए एक मुर्गी फार्म तक पहुंच गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह जंगल की ओर लौट गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ लमुहवा के पास स्थित एक मुर्गी फार्म में घुस गया था। फार्म के आसपास मौजूद लोगों की नजर पड़ते ही शोर मच गया। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ तुरंत जंगल की दिशा में भाग निकला। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से कटहरा, टोला रामनगर और आसपास के गांवों में तेंदुए की लगातार गतिविधि देखी जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने की निगरानी बढ़ाने की मांग

तेंदुए की मौजूदगी के कारण ग्रामीण शाम होने के बाद घरों से निकलने से बच रहे हैं। बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजा जा रहा है, जबकि पशुपालकों में भी मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, तेंदुए की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।

वन विभाग ने जारी की सतर्कता अपील

वन विभाग ने लोगों से संयम बरतने और सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि ग्रामीण अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं, बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखें तथा तेंदुए को घेरने या भगाने का प्रयास न करें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।