महराजगंज में सीएमओ कार्यालय में हंगामा: वीवीआईपी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर कर्मचारियों से अभद्रता का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया
महराजगंज में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। वीवीआईपी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर कार्यालय के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप लगा है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी जिलाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वीवीआईपी पार्टी के जिलाध्यक्ष किसी काम को लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनकी कार्यालय के बाबू और कर्मचारियों से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए कर्मचारियों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकी दी। हंगामे की सूचना पर सीएमओ कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय के कर्मचारियों ने इसकी शिकायत तत्काल कोतवाली पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और आरोपी जिलाध्यक्ष को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए सीएमओ कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा।
सीएमओ कार्यालय की ओर से दी गई तहरीर, अल्कोहल टेस्ट भी हुआ
पवन कुमार साहनी बुधवार को किसी काम के सिलसिले में सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों से उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसको लेकर कार्यालय में विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस के साथ कलक्ट्रेट चौकी प्रभारी और नगर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए जिलाध्यक्ष से पूछताछ की। इस दौरान उनका अल्कोहल टेस्ट भी कराया गया।
73 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा मिलने की कही जा रही बात
शुरूआती जांच में अल्कोहल टेस्ट में 73 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा पाए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट की पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जिलाध्यक्ष को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंची। सीएमओ कार्यालय की ओर से कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता और हंगामे के मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

