महराजगंज में सागौन के पेड़ पर लटका मिला युवक शव: जमीन पर टिके पैर से हत्या की आशंका, कुछ दूरी पर खड़ी मिली बाइक
निचलौल थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में शनिवार सुबह खेत के किनारे सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे युवक का शव लटका मिला। शव के दोनों पैर जमीन पर टिके होने से ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। वहीं, कुछ दूरी पर बाइक मिलने से घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।
शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के किनारे सागौन के पेड़ पर पड़ी। पेड़ से युवक का शव लटका देखकर लोगों ने शोर मचाया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस भी पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मौके पर पहुंची पुलिस
मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास से साक्ष्य जुटाए। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, अरुण के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। इसी आधार पर उन्होंने युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाए जाने की आशंका जताई। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाया गया हो सकता है। शव से कुछ दूरी पर बाइक मिलने के बाद भी लोगों के बीच घटना को लेकर चर्चा होती रही।
मामले की जांच कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।











