महराजगंज में कुदाल से हमले में युवक की मौत: प्रेम प्रसंग को लेकर पहले भी हुआ था विवाद, सिर पर लगी थी चोट
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हजारी पर कुदाल से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल हजारी को परिजन इलाज के लिए सिद्धार्थनगर के सीएचसी लोटन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खड़खोड़ा गांव निवासी हजारी पुत्र राजकुमार गांव में मछली पालन करता था और परिवार के साथ रहता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, हजारी का दूसरी बिरादरी की एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था। रात में युवती के परिजन हजारी के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे उसे समझाने के लिए वहां आए थे।
कहासुनी के बाद हुई मारपीट
घर पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने हजारी पर कुदाल से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल सीएचसी लोटन ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनबन के चलते अलग रह रही थी पत्नी
ग्रामीणों के अनुसार, हजारी करीब 10 साल पहले खड़खोड़ा गांव आया था। बाद में जमीन लेकर उसने यहीं अपना घर बसा लिया था। उसके दो बच्चे भी उसके साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि पत्नी से अनबन के चलते वह अलग रह रही थी। हजारी मछली पालन कर परिवार का पालन-पोषण करता था और बच्चों की देखभाल भी खुद करता था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विवाद के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











