बांके बिहारी मंदिर के पास जर्जर छज्जा गिरा: नौ श्रद्धालु घायल, चार की हालत गंभीर

विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के निकट एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया। मंदिर क्षेत्र की गली नंबर-5 में स्थित एक पुराने मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से नौ श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान अचानक मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस समय मौसम खराब था और तेज आंधी भी चल रही थी। छज्जे में पहले से दरारें थीं और संभवतः बंदरों के कूदने के कारण वह कमजोर हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। हादसा सुधीर गोस्वामी के मकान में हुआ बताया जा रहा है।
मलबे में दबे श्रद्धालुओं को लोगों ने निकाला
छज्जा गिरते ही गली में धूल का गुबार फैल गया और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के दुकानदार, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु तत्काल राहत कार्य में जुट गए। लोगों ने मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि गली में श्रद्धालु सामान्य रूप से आ-जा रहे थे। अचानक शाम करीब छह बजकर 18 मिनट पर मकान का भारी छज्जा टूटकर नीचे गिर जाता है। इसके बाद गली में अफरा-तफरी मच जाती है। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं। कुछ ही क्षणों में स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट जाते हैं।
प्रशासन ने शुरू की जर्जर भवनों की जांच
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा मंदिर परिसर में नहीं हुआ। मंदिर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित एक मकान में हुआ। उन्होंने कहा कि सभी घायलों की स्थिति नियंत्रण में है। किसी की जान को तत्काल खतरा नहीं है। प्रशासन ने नगर निगम को क्षेत्र के पुराने और जर्जर भवनों की समीक्षा करने तथा पूर्व में जारी नोटिसों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।








