वृंदावन में दम घुटने से चार छात्रों की मौत: जहरीली गैस की वजह से अंदर हो गये थे बेहोश, गुरूकुल के अंडरग्राउंड पानी के टैंक में सफाई के लिए थे उतरे

वृंदावन के चैतन्य विहार इलाके में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में एक अंडरग्राउंड पानी के टैंक की सफाई करने उतरे चार छात्रों की संदिग्ध रूप से जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य छात्र गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद से ही गुरुकुल संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस और जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:15 बजे गुरुकुल परिसर में बने लगभग 12 फीट गहरे पानी के टैंक से तेज दुर्गंध आ रही थी। दुर्गंध की वजह जानने और टैंक को साफ करने के लिए सबसे पहले एक छात्र उसके अंदर उतरा। जब वह छात्र काफी देर तक बाहर नहीं आया और जहरीली गैस के कारण अंदर ही बेहोश हो गया, तो उसे बचाने के लिए एक के बाद एक चार अन्य छात्र भी टैंक में उतर गए।
सभी छात्र गुरूकुल में करते थे पढ़ाई
टैंक में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस की मौजूदगी के कारण पांचों छात्र अंदर ही अचेत हो गए। परिसर में मौजूद अन्य छात्रों ने जब यह देखा, तो आनन-फानन में सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया। हादसे का शिकार हुए सभी छात्र इसी वर्ष गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण करने आए थे और उनकी उम्र 16 से 22 वर्ष के बीच है। छात्रों का नाम मनु कटारे जबलपुर, विशू शर्मा मेरठ, आर्यन पांडेय कौशांबी, देवांश शर्मा विदिशा मध्य प्रदेश हैं। इस हादसे में जीवित बचे पांचवें छात्र का नाम रुद्र उर्फ रुद्राक्ष है, जिसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने और घायल छात्र के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि यह गुरुकुल किराए की जमीन पर संचालित हो रहा था और इसके पास आवश्यक मान्यता थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। मामले की निष्पक्षता से जांच के लिए मजिस्ट्रेट इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार संचालक की तलाश के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है-
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

