मथुरा में भीषण सड़क हादसा: हाईवे से उतरकर खेत में घुसी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की दर्दनाक मौत
राया थाना क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे पर गजू गांव के पास गुरुवार एक बेकाबू तेज रफ्तार कार सड़क से नीचे उतरकर सीधे खेत में जा घुसी। खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों-दादा, पिता और पोते की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने हंसते-खेलते परिवार की तीन पीढ़ियों को एक झटके में खत्म कर दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गजू गांव के रहने वाले 70 वर्षीय जवाहर सिंह अपने खेत में पूर्वजों की समाधि को पक्का करवाने का काम करवा रहे थे। इस काम में हाथ बंटाने के लिए उनका 42 वर्षीय बेटा हमवीर सिंह और 24 वर्षीय पोता अंकित भी खेत पर मौजूद थे।
150 किमी/घंटा की रफ्तार से आई मौत
गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच, अलीगढ़/बरेली की तरफ से मथुरा की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार लगभग 150 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अनियंत्रित होने के बाद कार हाईवे से नीचे उतरी और खेत में खड़े तीनों लोगों को रौंदते हुए करीब 300 मीटर दूर जाकर एक पत्थर से टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवाहर सिंह, उनके बेटे हरवीर और पोते अंकित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका, अस्पताल में भर्ती
हादसे में कार चालक अमन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार के भीतर ही फंस गया था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। महावन के क्षेत्राधिकारी (CO) संजीव कुमार राय ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाराज ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। इसके बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद से पूरे गजू गांव में मातम पसरा हुआ और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

