मथुरा में सिपाही की गोली लगने से मौत: ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, पारिवारिक कलह से चल रहे थे परेशान

मथुरा|1 घंटा पहले
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, पारिवारिक कलह से चल रहे थे परेशान

सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक में ड्यूटी के दौरान एक सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस गंभीर रूप से घायल सिपाही को जिला अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में गोली उनकी सरकारी राइफल से चलने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या की आशंका के साथ अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके की है। मूल रूप से एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के गड़ुआ गांव निवासी अजीत (42) केनरा बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना प्रभारी त्रिपुरारी कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में अजीत को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

12 वर्षों से बैंक की सुरक्षा में थे तैनात

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार और सीओ सिटी आशना चौधरी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अजीत वर्तमान में हाईवे थाना क्षेत्र की बालाजी पुरम कॉलोनी में रहते थे। वह पिछले 12 वर्षों से केनरा बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

सरकारी राइफल से चली गोली

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत की गर्दन में उनकी सरकारी राइफल से गोली लगी थी। गर्दन में गोली लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सरकारी राइफल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

मोबाइल की भी हो रही जांच

एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अजीत कुछ पारिवारिक कारणों से परेशान चल रहे थे। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।