मऊ में गरजे सीएम योगी: बोले- अब माफिया खुली जीप में हिंदुओं को धमका नहीं सकता, 392 करोड़ की दी सौगात

मऊ|29 मई 2026
बोले- अब माफिया खुली जीप में हिंदुओं को धमका नहीं सकता, 392 करोड़ की दी सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ जिले के मधुबन में आयोजित जनसभा के दौरान विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, माफिया राज और धार्मिक आयोजनों को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया या गुंडे की इतनी हिम्मत नहीं बची कि वह खुली जीप में पिस्तौल या हथियार लहराते हुए हिंदुओं को धमका सके। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें माफियाओं के सामने नतमस्तक रहती थीं। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी ने मऊ के 2005 दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालना आम बात थी। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि उस समय सत्ता संरक्षण में अराजकता का माहौल था। माफिया खुलेआम हथियार लेकर घूमते थे। गौरतलब है कि 2005 के मऊ दंगों के दौरान पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का AK-47 के साथ खुली गाड़ी में घूमने का वीडियो काफी चर्चित हुआ था। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में किसी का नाम नहीं लिया। उनके बयान को उसी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

“रामलीला रोकने वालों की दुर्गति तय”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में किसी भी धार्मिक आयोजन में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई रामलीला, कथा, यज्ञ या किसी धार्मिक कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश करेगा तो उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होगी। योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारी भय के साये में कारोबार करते थे। शाम होते ही लोग घर लौटने की चिंता में डूब जाते थे। आज हालात बदल चुके हैं और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के युवा पहचान के संकट से जूझते थे। दूसरे राज्यों में यूपी के लोगों को संदेह की नजर से देखा जाता था। अब उत्तर प्रदेश विकास और निवेश का केंद्र बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के लिए योजनाएं बनाई गईं हैं। 2014 से 2017 तक प्रदेश की तत्कालीन सरकारों ने उन्हें सही तरीके से लागू नहीं होने दिया।

गरीबों का राशन और योजनाएं खा जाते थे गुंडे

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व सरकारों के समय गरीबों का राशन तक गुंडे डकार जाते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रहीं, तब गरीबों के लिए आवास, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाएं क्यों नहीं उपलब्ध कराई गईं? मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। पहले भ्रष्टाचार और दबंगई व्यवस्था पर हावी थी।

खराब मौसम के कारण देर से पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान करीब 392 करोड़ रुपये की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। खराब मौसम के कारण वह निर्धारित समय से कुछ देर बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, ए के शर्मा, दारा सिंह चौहान और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान कई बार तालियों की गूंज सुनाई दी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।