मऊ में शादी के घर में हाईटेंशन का कहर: दूल्हे के भाई समेत तीन की मौत, टेंट लगाते वक्त छत पर उतरा करंट

दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के दोमनपुरा इस्लामाबाद मोहल्ले में सोमवार शाम शादी के घर टेंट लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे बरकतुल्ला का छोटा भाई महमूद उर्फ मोहम्मद कामिल (18) और टेंट लगाने वाले कर्मचारी कामिल (25) व इरफान (28) शामिल हैं। हादसा शाम करीब चार बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
महमूद के बड़े भाई बरकतुल्लाह का सोमवार सुबह निकाह हुआ था। रात में दुल्हन के आगमन पर रातजग्गा होना था। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के लिए दोपहर करीब तीन बजे एक मंजिला मकान की छत पर टेंट लगाया जा रहा था। टेंट कर्मचारी कामिल और इरफान के साथ महमूद भी काम में हाथ बंटा रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज बिजली तार के संपर्क में टेंट आ गया। करंट उतरने से महमूद, कामिल और इरफान उसकी चपेट में आ गए।
लोगों ने बचाने का किया प्रयास
हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मौजूद लोगों ने तीनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन टेंट और आसपास करंट होने के कारण वे उनके पास नहीं पहुंच सके। कुछ ही देर में तीनों की मौत हो गई। सूचना पर दक्षिण टोला थाना पुलिस के साथ अन्य थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी नगर नितेश कुमार सिंह ने बताया कि टेंट लगाने के दौरान ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
पिता के साथ चलाता था लूम
महमूद के परिवार में माता-पिता, दो भाई और चार बहनें हैं। चार बहनों में दो की शादी हो चुकी है। पिता अबुल हसन लूम चलाकर साड़ी बुनने का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महमूद और उसके भाई भी पिता के साथ लूम चलाने में सहयोग करते थे। सोमवार सुबह निकाह के बाद घर में खुशियों का माहौल था। शाम होते-होते वही घर मातम में बदल गया। जिस घर में रात को दुल्हन का आगमन होना था, वहां एक साथ तीन अर्थियां उठने से परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक फैल गया।
तार हटाने की कई बार की गई थी शिकायत
महमूद के पिता अबुल हसन का कहना है कि मकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली लाइन को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी दिखी। घटना के बाद घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है।









