मेरठ में एक कार ने दो मासूमों को रौंदा: गाड़ी में फंसने के बाद 20 मीटर तक घसीटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित शिव शक्ति विहार में एक बेहद खौफनाक हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है। यहां एक रिहायशी गली में खेल रहे दो मासूम बच्चों को एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने न सिर्फ बेरहमी से रौंद दिया, बल्कि कार के नीचे फंसने के बावजूद चालक उन्हें करीब 10 से 20 मीटर तक घसीटता हुआ आगे बढ़ गया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरी घटना गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो छोटे बच्चे माही और विवान गली के मोड़ पर बेफिक्र होकर खेल रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार सफेद कार मोड़ से मुड़ती है। कार चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए सड़क पर बैठे बच्चों पर गाड़ी चढ़ा दी। बच्चों की चीख-पुकार और परिजनों के शोर मचाने के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और मासूमों को घसीटते हुए आगे निकल गया।
दोनों का अस्पताल में चल रहा इलाज
इस दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्ची माही गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि दूसरे बच्चे विवान को भी चोटें आई हैं। दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
आरोपी चालक गिरफ्तार, कार भी बरामद
वीडियो वायरल होने के बाद भावनपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सोशल मीडिया फुटेज की मदद से आरोपी और कार की पहचान की। आरोपी चालक की पहचान 22 वर्षीय बादल के रूप में हुई है।

पड़ोसियों ने लापरवाही का लगाया आरोप
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बादल को गेसूपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। पूछताछ में पड़ोसियों ने यह भी खुलासा किया है कि आरोपी बेहद लापरवाह ड्राइवर है और करीब 10 दिन पहले भी उसने एक कुत्ते के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

