दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: हरिद्वार जा रहे तीन कांवड़ियों की मौत, ओवरटेक के दौरान वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

मेरठ|05 अगस्त 2026
हरिद्वार जा रहे तीन कांवड़ियों की मौत, ओवरटेक के दौरान वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह पांच बजे हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के झज्जर निवासी ज्ञानप्रकाश, राजकुमार और प्रदीप एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब उनकी बाइक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

श्रद्धालुओं की पदयात्रा लगातार जारी

श्रावण माह और महाशिवरात्रि के मद्देनजर दिल्ली-मेरठ मार्ग के साथ गंगनहर पटरी मार्ग पर भी कांवड़ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली की ओर जाने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। अनुमान के अनुसार मंगलवार को पांच हजार से अधिक कांवड़िये गंगनहर पटरी मार्ग से होकर गुजरे। महादेव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की पदयात्रा लगातार जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।