मेरठ में बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलटी: हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल, मौके से फरार हुआ चालक

मेरठ में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। इस हादसे में 10 से अधिक बच्चों के घायल हो गये हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
हादसा रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी-अमानुल्लाहपुर मार्ग पर सुबह करीब 7:30 बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार, जानी थाना क्षेत्र के भोला झाल में विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस करीब छह फीट गहरे खेत में जा गिरी।
ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बच्चों को निकाला बाहर
बस पलटते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए थे और बुरी तरह घबराकर रो रहे थे। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस के शीशे तोड़े और बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
सभी बच्चे खतरे से बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही रोहटा थाना प्रभारी पूजा पवार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर है।
चालक की तलाश में पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल और स्कूल पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रिंसिपल ऑफिस का घेराव किया और नारेबाजी की। ग्रामीणों और परिजनों ने चालक पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। फरार बस चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं और मामले की पूरी जांच की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

