मेरठ में महिला ने पति की रची खूनी साजिश: प्रेमी के संग ​मिलकर हत्या को ​दिया अंजाम, परिजनों से बताया हार्टअटैक से हुई मौत

मेरठ|

मेरठ में एक महिला ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से पति को हटाने के लिए खूनी साजिश रच डाली। वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया गया कि पहली नजर में किसी को शक तक नहीं हुआ और मृतक के परिजनों ने शव को स्वाभाविक मौत मानकर दफना भी दिया। लेकिन एक छिपे हुए मोबाइल और डिलीट न हुई चैट्स ने इस 'परफेक्ट मर्डर' की पूरी स्क्रिप्ट को बेनकाब कर दिया।

लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी 30 वर्षीय तालिब पेशे से राजमिस्त्री था। बीते 28 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी। उस वक्त उसकी पत्नी इलमा, जो पेशे से एक ब्यूटीशियन है, ने रोते-बिलखते हुए परिजनों को बताया कि तालिब को 'हार्ट अटैक' आया था जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी की बात पर भरोसा किया और शव को कब्रिस्तान में ले जाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

अंतिम तस्वीरों और मोबाइल चैट के जरिये हुआ खुलासा

दफनाने से पहले कुछ रिश्तेदारों ने तालिब के शव की तस्वीरें ली थीं। बाद में जब उन तस्वीरों को ध्यान से देखा गया, तो तालिब के गले पर चोट और कसने के गहरे निशान दिखाई दिए। इससे परिवार वालों के मन में संदेह पैदा हुआ। इसी बीच परिजनों के हाथ तालिब का एक छिपा हुआ मोबाइल लगा। जब उस फोन को खंगाला गया, तो उसमें इलमा और ब्यूटी स्टूडियो संचालक अमन के बीच की वॉयस रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट मिलीं। चैट और रिकॉर्डिंग से साफ हो गया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे और वे तालिब को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे।

सख्ती से पूछताछ करने पर कबूला गुनाह

शक गहराने पर जब तालिब के भाई और परिवार के लोगों ने इलमा से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कैमरे के सामने रोते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया। इलमा के कथित कबूलनामे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने मर्डर की खौफनाक दास्तान बयां की है। इलमा ने बताया कि तालिब अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। 28 सितंबर को भी उनके बीच झगड़ा और मारपीट हुई। गुस्से में आकर उसने अपने प्रेमी अमन को फोन करके घर बुला लिया। अमन अपने साथ एक और दोस्त को लेकर इलमा के कमरे पर पहुंचा। इलमा के मुताबिक, कमरे के अंदर तीनों ने मिलकर तालिब को दबोच लिया। एक आरोपी ने तालिब के हाथ पकड़े, इलमा ने उसके पैर दबाए और प्रेमी अमन ने इलमा के ही दुपट्टे से तालिब का गला तब तक घोंटा जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद अमन ने ही इलमा को पट्टी पढ़ाई कि वह घरवालों के सामने मौत की वजह 'हार्ट अटैक' बताए। अमन ने वादा किया था कि तालिब की मौत के बाद इद्दत का समय पूरा होते ही वह उससे निकाह कर लेगा।

शव को कब्र से बाहर निकाल करवाया जायेगा पोस्टमार्टम

तालिब के चचेरे भाई अकरम अली की शिकायत और इलमा के कबूलनामे के वीडियो के आधार पर पुलिस ने लोहियानगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी इलमा को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी है। प्रशासनिक अनुमति मिलते ही तालिब के शव को कब्र से बाहर निकाला जाएगा और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।