मेरठ में युवक ने युवती को गोली मारकर खुद की ली जान: एकतरफा प्यार ने लिया हिंसक रूप, युवक की मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक युवक ने युवती को तीन गोलियां मारीं, फिर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। युवक के सीने में गोली लगी, जबकि युवती के सिर में एक और दो गोली पेट में लगीं। एंबुलेंस से युवती को कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। युवती की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिस्ट्रीशीटर था। 10 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
मेरठ जिले के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी में एकतरफा प्यार और आपसी विवाद में एक युवक ने युवती को तीन गोलियां मारी, फिर खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। आरोपी की पहचान, शिवलोकपुरी कॉलोनी निवासी आदित्य कुमार, जिसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह 10 दिन पहले ही आर्म्स एक्ट के मामले में जेल से जमानत पर छूटा था।
बात करने के लिए पार्क आये थे दोनों
घटना शाम करीब 4:30 बजे कंकरखेड़ा के डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी के जोनल पार्क के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक पल्सर बाइक और युवती स्कूटी से जोनल पार्क आई थी। पार्क के बाहर खड़े होकर दोनों बात कर रहे थे। तभी उनमें झगड़ा होने लगा। इसी बीच युवक ने पिस्टल निकाली और युवती पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। युवती तुरंत जमीन पर गिर पड़ी। घटना से अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग युवक की तरफ दौड़े तो उसने सीने पर पिस्टल सटाकर खुद को गोली मार ली। जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक किलोमीटर की दूरी पर है दोनों को घर
पुलिस के मुताबिक, युवती का नाम अनुष्का (23) है, जो कंकरखेड़ा के गोविंदपुरी की रहने वाली है। उसकी मां जिले के एक इंटर कॉलेज में सरकारी टीचर हैं। पिता की मौत हो चुकी है। उसका एक बड़ा भाई भी है। युवक की पहचान आदित्य (26) के रूप में हुई है। वह कंकरखेड़ा की शिवलोकपुरा कॉलोनी का रहने वाला था। आदित्य ने आईटीआई पास किया था। आदित्य दो भाइयों में छोटा था। आदित्य और अनुष्का के घर करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर हैं।
युवक पर दर्ज है 10 मुकदमें
आदित्य कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उस पर कंकरखेड़ा थाने में 10 मुकदमे दर्ज हैं। सभी मुकदमे अवैध हथियारों की तस्करी और मारपीट के हैं। करीब एक महीने पहले सरूरपुर थाना पुलिस ने उसे अवैध तमंचे के साथ पकड़ा था। इसके बाद वह जेल चला गया। करीब 10 दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद आदित्य ने अनुष्का से बात करने की कोशिश की। लेकिन, अनुष्का उससे बात नहीं कर रही थी। आदित्य ने उससे मिलने का दबाव बनाया।
स्कूटी से जोनल पार्क पहुंची थी अनुष्का
बुधवार शाम करीब 4 बजे अनुष्का स्कूटी से जोनल पार्क पहुंची। आदित्य पहले से वहां खड़ा था। दोनों पार्क के बाहर बात करने लगे। कुछ देर बाद दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ी तो झगड़ा हो गया। तभी आदित्य ने पिस्टल निकाली वारदात को अंजाम दे दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस, सीओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर दो पिस्टल, एक स्कूटी और एक पल्सर बाइक मिली है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। लड़के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सामने आया सीसीटीवी फुटेज
एसपी सिटी विनायक भोसले ने कहा- घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। पहले युवक और युवती में झगड़ा हुआ था। इसके बाद युवक ने युवती को गोली मारी है, उसके बाद खुद को सीने में गोली मारकर सुसाइड कर लिया। दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









