नैनीताल में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी: दो महिलाओं की मौत, 21 की हालत गंभीर

मेरठ|3 घंटे पहले
दो महिलाओं की मौत, 21 की हालत गंभीर

उत्तराखंड के नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं 29 से अधिक यात्री घायल हो गए। पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी स्थित डॉक्टर सुशीला तिवारी चिकित्सालय (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है। जहां 21 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी हैं। नैनीताल भ्रमण के बाद अपने घर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर कालाढूंगी से नैनीताल की ओर जा रही थी। जब वाहन कालाढूंगी से लगभग एक किलोमीटर ऊपर नैनीताल तिराहे के समीप पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। जानकारों ने प्रारंभिक तौर पर वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य आपदा राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। संयुक्त अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।

प्रशासन ने संभाली मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। अस्पताल प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। एसटीएच में डॉक्टरों की विशेष टीम गठित कर घायलों का इलाज शुरू किया गया। कई यात्रियों को सिर, रीढ़ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कई घायल गंभीर अवस्था में उपचाराधीन हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जांच के दायरे में तकनीकी और मानवीय पहलू

पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वाहन की तकनीकी स्थिति, ब्रेक सिस्टम तथा चालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। इस भीषण हादसे के बाद मेरठ और नैनीताल दोनों क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।