बदायूं में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को रौंदा: 6 महिलाओं की मौत; तीन गंभीर, शादी का शगुन देने जा रही थीं गठौना

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
6 महिलाओं की मौत; तीन गंभीर, शादी का शगुन देने जा रही थीं गठौना

जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बरेली-मथुरा हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से ई-रिक्शा सवार छह महिलाओं की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब महिलाएं परिवार में होने वाली शादी के लिए शगुन देने मायके जा रही थीं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका अफरा-तफरी से भर गया।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर दो ट्रैक्टर आपस में तेज रफ्तार से दौड़ रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने चल रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। उसमें सवार महिलाएं ट्रैक्टर के पहियों की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

शादी की तैयारियों के बीच पसरा मातम

जानकारी के अनुसार उझानी कोतवाली क्षेत्र के मुरावन नगला गांव निवासी डालचंद्र के पुत्र कुंवरपाल की शादी आगामी 29 जून को निर्धारित थी। शादी से पहले परिवार की महिलाएं भात मांगने और शगुन देने के लिए गठौना गांव जा रही थीं। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। ई-रिक्शा में कुल नौ लोग सवार थे। जिनमें छह महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में राजकुमारी (50), गंगाश्री (30), सरला (32), नारायणी (30), रेवती (80) और प्रेमावती (32) शामिल हैं। इनमें पांच महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक महिला की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। चालक समेत तीन अन्य घायल व्यक्तियों का इलाज जारी है।

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि तीन घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर चालकों को वाहन समेत हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।