औरैया एनकाउंटर में 6 शातिर अरेस्ट: दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, पुलिस ने बरामद किए अवैध असलहे

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, पुलिस ने बरामद किए अवैध असलहे

औरैया जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत बिधूना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद छह शातिर चोरों को अरेस्ट किया है। पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, वाहन और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बिधूना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाल में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ शातिर चोर डहरियापुर मोड़ पर एकत्र हैं। सूचना के अनुसार आरोपी चोरी के सामान और नकदी का आपस में बंटवारा करने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही थाना बिधूना पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाकर मौके की घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और खुद को घिरा पाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोमिन पुत्र सुलेमान निवासी इस्लाम नगर, सौरिख (कन्नौज) तथा विकास उर्फ गौरव पुत्र रामबक्श निवासी हरीपुर, किशनी (मैनपुरी) के पैर में गोली लगी। दोनों घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही फरार होने की कोशिश कर रहे उनके चार अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया। इस कार्रवाई में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी मोमिन के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट के 17 केस दर्ज हैं। वहीं, विकास पर करीब सात आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

नकदी, जेवरात, वाहन और हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, दो चार पहिया वाहन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, दो अवैध 315 बोर तमंचे तथा बड़ी संख्या में जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी को हाल की चोरी की घटनाओं से जोड़कर भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

घायलों का इलाज जारी

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और हाल के कई मामलों के खुलासे की भी उम्मीद है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।