आजम खान की बढ़ी मुश्किल: एक और एफआईआर दर्ज, रामपुर जिला जेल में ईडी ने की थी पूछताछ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां की मुश्किल और बढ़ गई है। जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी धन के इस्तेमाल और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के मामले में ईडी की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर रामपुर के अजीमनगर थाने में आजम खां समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 61, 316(5) और 318(4) के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। मंगलवार को रामपुर जिला जेल में ईडी ने आजम खां से पूछताछ की थी। इसके बाद अब जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज होने से प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है।
ईडी की ओर से उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को भेजे गए पत्र के मुताबिक, जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के कथित इस्तेमाल की जांच के दौरान कई तथ्य सामने आए। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि सरकारी कार्यों के लिए जारी धन और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी परिसर में कराया गया। कुछ सरकारी धन को ठेकेदारों के माध्यम से निर्माण कार्यों में लगाने और बाद में ट्रस्ट को दान के रूप में रकम लौटाए जाने की आशंका भी जताई गई है।
जौहर यूनिवर्सिटी रिसर में 416.14 करोड़ खर्च होने का दावा
जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में करीब 416.14 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की लागत ट्रस्ट की घोषित आय और खर्च से स्पष्ट नहीं होने का दावा किया गया है। ईडी ने सरकारी धन से कराए गए विभिन्न कार्यों का कुल मूल्य करीब 85.81 करोड़ रुपये बताया है। ईडी के पत्र में आरोप लगाया गया है कि आजम खां के प्रभाव के चलते कुछ ठेकेदारों को सरकारी काम मिले और उन कार्यों से जुड़ी सामग्री का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी में किया गया। एजेंसी ने कुछ दान की रकम को भी वास्तविक लेनदेन के बजाय कथित तौर पर ठेकेदारों से ट्रस्ट तक धन पहुंचाने का माध्यम बताया है। इन आरोपों के समर्थन में ईडी ने संबंधित लोगों के बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों का हवाला दिया है।
ईडी ने पहले से दर्ज मामलों का भी दिया हवाला
ईडी के पत्र में जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित पहले दर्ज मुकदमों और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का जिक्र भी किया गया है। यूनिवर्सिटी की जमीन और निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों में पहले से जांच चल रही है। अब सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और अन्य अनियमितताओं के संबंध में पुलिस ने नया मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच अभी बाकी है। आरोपों पर आजम खां और अन्य संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

