बागपत में प्रेमी ने शराब में नशे की गोलियां मिलाकर पति को मार डाला: गन्ने के खेत में फेंका शव, वाट्सएप पर अपडेट लेती रही पत्नी

उत्तरप्रदेश|
गन्ने के खेत में फेंका शव, वाट्सएप पर अपडेट लेती रही पत्नी

यूपी में एक और महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। बागपत जिले के बड़ौत इलाके के कोताना गांव में किसान प्रमोद (44) की हत्या का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पत्नी उर्मिला और बाइक मिस्त्री सिकंदर उर्फ काला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि उर्मिला और सिकंदर के बीच वर्ष 2024 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रमोद को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर प्रमोद की हत्या की साजिश रची। रविवार रात सिकंदर ने प्रमोद को रामलीला देखने के दौरान नलकूप पर बुलाया। वहां उसने प्रमोद की शराब में नशे की गोलियां मिला दीं। प्रमोद के नशे में होने पर सिकंदर ने बोतल से उसके सिर पर कई वार किए। फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया। उर्मिला व्हाट्सएप के माध्यम से सिकंदर से घटना की जानकारी लेती रही। कॉल डिटेल की जांच के आधार पर पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया।

किसान के घर में चलाता था दुकान

प्रमोद के मकान के बाहरी हिस्से में एक दुकान बनी हुई थी। गांव का ही सिकंदर उर्फ काला करीब तीन साल से दुकान किराए पर चला रहा था। वह यहां बाइक मरम्मत का काम करता था। पुलिस के मुताबिक 2024 से सिकंदर और प्रमोद की पत्नी उर्मिला के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। जब प्रमोद खेत पर जाता था और बच्चे पढ़ने चले जाते थे तब सिकंदर घर में चला जाता था। कुछ महीने पहले प्रमोद को उनके संबंधों का पता चला। उसने इसका विरोध शुरू कर दिया था। पुलिस के अनुसार, इसी के बाद उर्मिला और सिकंदर ने प्रमोद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पत्नी के साथ रामलीला देखने गया था प्रमोद

पुलिस के अनुसार, रविवार रात उर्मिला और प्रमोद गांव में रामलीला देखने पहुंचे थे। वहां सिकंदर भी पहुंच गया। रात करीब साढ़े नौ बजे सिकंदर ने प्रमोद को नलकूप पर चलकर शराब पीने के लिए कहा। इसके बाद दोनों नलकूप पर चले गए। सिकंदर ने प्रमोद की शराब में नशे की गोलियां मिला दीं। शराब पीने के बाद जब प्रमोद को ज्यादा नशा हो गया तो सिकंदर ने बोतल से उसके सिर पर कई वार किए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद सिकंदर दोबारा रामलीला में पहुंचा और वहां से उर्मिला के साथ घर चला गया।

हत्या के बाद महिला को वाट्सएप पर दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, रामलीला देखते समय उर्मिला लगातार व्हाट्सएप पर सिकंदर से घटना की जानकारी ले रही थी। जब सिकंदर और प्रमोद नलकूप पर शराब पी रहे थे तब उर्मिला ने उससे पूछा कि उसने प्रमोद को मारा या नहीं। सिकंदर ने जवाब दिया कि प्रमोद को अभी ज्यादा नशा नहीं हुआ है। इस पर उर्मिला ने पूछा कि वह नशे में क्यों नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि प्रमोद की हत्या के बाद भी सिकंदर ने उर्मिला को मैसेज करके इसकी जानकारी दी।

कॉल डिटेल से खुला राज

प्रमोद का शव मिलने के बाद सिकंदर सोमवार सुबह घटनास्थल पर भी पहुंचा था और वहां की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। पुलिस ने उर्मिला और सिकंदर की कॉल डिटेल निकलवाई तो दोनों के बीच काफी बातचीत होने की जानकारी मिली। इसके बाद पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। प्रमोद का शव मिलने के बाद उसके भाई विनोद ने गांव के पंकज, राहुल, अंकित और मुकेश पर हत्या का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विनोद के अनुसार, कई महीने पहले बच्चों के बीच खेलने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय प्रमोद ने बीच-बचाव कराया था जिस पर पंकज ने उसे मारने की धमकी दी थी।

मां और उसके प्रेमी के एनकाउंटर की मांग

किसान प्रमोद की हत्या के बाद उसके बेटों अंकुर और आयुष ने आरोपी मां उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर के एनकाउंटर की मांग की। घटना से परिवार में दुख और आक्रोश का माहौल है। बड़ौत के सीओ अंशु जैन ने बताया कि किसान प्रमोद की हत्या उसकी पत्नी उर्मिला ने साजिश रचकर अपने प्रेमी सिकंदर उर्फ काला से कराई है। दोनों से अभी पूछताछ की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।