बागपत में दर्दनाक हादसा: भंडारे का प्रसाद खाकर लौट रही दो सगी बहनों को ट्रक ने कुचला, मौके पर ही मौत

बागपत जिले से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शहर कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो सगी बहनों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान नबिया और अलीना के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पाली गांव की रहने वाली नबिया और अलीना अपनी एक बड़ी बहन के साथ पास के ही एक पेट्रोल पंप पर लगे भंडारे में प्रसाद खाने गई थीं। वहां से लौटते समय जब दोनों बच्चियां दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पार कर रही थीं, तभी दिल्ली की ओर से ईंटें लेकर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हाईवे पर लगा जाम, चालक फरार
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार में पसरा मातम
पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इस भीषण हादसे के बाद से बच्चियों के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे पाली गांव में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

