संभल में बड़ा सड़क हादसा: गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस, दीवाली मनाने घर लौट रहे 20 से 25 यात्री घायल

संभल में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर खिरनी टोल प्लाजा और लहरावन के बीच यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 20 से 25 यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायल यात्री बिहार के रहने वाले हैं जो दीपावली और छठ का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, यह निजी स्लीपर बस पंजाब के पटियाला से सवारियां लेकर अंबाला होते हुए बिहार के सुपौल, दरभंगा, पूर्णिया और सीतामढ़ी जैसे विभिन्न जिलों के लिए जा रही थी। बुधवार तड़के करीब 4:30 से 5:30 बजे के बीच, संभल जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर एक्सप्रेसवे पर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
ओवरलोडिंग और ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप
हादसे में सुरक्षित बचे यात्रियों ने बताया कि बस में क्षमता से कहीं ज्यादा यानी करीब 150 से 200 लोग ठूंस-ठूंस कर बिठाए गए थे। इसके साथ ही बस की छत और अंदर फ्रिज, वाशिंग मशीन व एलईडी जैसी घरेलू सामग्रियां भी भारी मात्रा में लोड थीं। यात्रियों का आरोप है कि बस का चालक बेहद तेज गति से गाड़ी चला रहा था और आशंका जताई जा रही है कि सुबह के वक्त उसे नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
शीशे तोड़कर निकाले गए यात्री
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बहजोई थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस के आपातकालीन खिड़की के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सभी को त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सहायता दी जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

