गोरखपुर में भाजपा का पिछड़ा वर्ग कार्ड: गणेश निषाद को जिला और संतोष राजभर को महानगर की मिली जिम्मेदारी, युवाओं की नई लिस्ट का इंतजार

भाजपा ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला और महानगर अध्यक्षों की घोषणा कर संगठन में नई जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। जारी सूची में गणेश निषाद को गोरखपुर जिले और संतोष राजभर को महानगर की कमान सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियों में पार्टी ने अनुभवी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की सूची अभी जारी नहीं हुई है।
गणेश निषाद कैंपियरगंज क्षेत्र में भाजपा के मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें जिलाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने निषाद समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया है। हाल ही में सपा की पत्रकारवार्ता के दौरान हुए थप्पड़ कांड के बाद निषाद समाज के कुछ लोगों में नाराजगी सामने आई थी। यह नाराजगी सपा से निष्कासित नेता अंशुमान सिंह को लेकर थी। ऐसे में भाजपा ने पुराने कार्यकर्ता को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर निषाद समेत अन्य पिछड़े वर्गों के बीच संदेश देने की कोशिश की है।
राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण
महानगर अध्यक्ष बनाए गए संतोष राजभर भी संगठन में पहले महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। राजभर समाज को अति पिछड़ा वर्ग में शामिल माना जाता है। गोरखपुर क्षेत्र की कई विधानसभा सीटों पर इस समाज के मतदाताओं की संख्या प्रभावशाली है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पीडीए के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा की इन नियुक्तियों को सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
युवा मोर्चा की सूची पर टिकी नजरें
पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सूची जारी होने के बाद अब भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं को भी नई नियुक्तियों का इंतजार है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो सकती है। इन पदों पर नियुक्तियों को लेकर कई जनप्रतिनिधि अपने करीबी युवाओं के लिए पैरवी कर रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

