महोबा में भाजपा विधायक ने गोदाम प्रभारी को जड़े थप्पड़: गोदाम बंद होने के बाद भी पिकअप पर लादी जा रही थीं बीज की बोरियां, वीडियो वायरल

राजकीय कृषि बीज भंडार का गोदाम बंद होने के बाद भी रात में पिकअप पर गोदाम प्रभारी चने के बीज की बोरियां गाड़ी में लोड़ करा रहा था। सटीक जवाब न देने पर महोबा जिले के चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने गोदाम प्रभारी को तीन थप्पड़ जड़ दिए। इससे हड़कंप मच गया। इस मामले की सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात राजकीय कृषि बीज भंडार पर एक पिकअप में चने की बोरियां लादी जा रही थीं। मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने देखा कि बीज गोदाम पर एक पिकअप गाड़ी लोड हो रही है। जानकारी करने पर पता चला कि गोदाम बंद होने के बावजूद प्रभारी चने के बीज की बोरियां गाड़ी में लोड कराकर बेचने के लिए ले जा रहा है। इसकी सूचना उन्होंने चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया को दी। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंच गए। मौके पर पिकअप में चने के बीज की करीब 100 बोरियां लदी मिलीं, जिनकी कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है। सवाल करने पर जब गोदाम प्रभारी सोनू यादव ठीक जवाब नहीं दे पाया तो विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने एक के बाद एक तीन थप्पड़ जड़ दिए।
विधायक ने कहा-लहंगा-चुनरी पहनाकर जुलूस निकालो
सामने आए 2.37 मिनट के वीडियो में विधायक कह रहे हैं - तुम अखिलेश यादव से मिले हो, गरीब लोगों की बलि क्यों चढ़ाना चाहते हो। बीज किसे भेज रहे थे बताते क्यों नहीं। इनके लिए जूते की माला मंगाओ और लहंगा-चुनरी पहनाकर जुलूस निकालो। ये ऐसे नहीं मानेंगे। तुम्हें देवी आती है तुम अंतर्यामी हो। विधायक ने उपकृषि निदेशक को फोन कर कहा-आप लोगों को कुछ पता नहीं है, न ही आप लोगों से पूछा और न कोई आदेश दिया। प्रभारी खुद भी कह रहा है कि न हमें डीडी ने आदेश दिया, न ही डीओ ने। ये मनगढ़ंत कहानी बना रहा है।
पिकअप और बीज की बोरियां जब्त
मामले की सूचना पर उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पिकअप और बीज की बोरियों को जब्त कर लिया गया। चरखारी कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा ने बताया कि कृषि विभाग की तहरीर पर गोदाम प्रभारी सोनू यादव, राधेश्याम साहू चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गोदाम प्रभारी समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया है। विधायक ने आरोप लगाया कि गोदाम प्रभारी कालाबाजारी का खेल रहा है। इसमें चपरासी और पिकअप चालक भी पकड़ा गया है। इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इतना बड़ा काम कोई अकेले नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी दी-अगर ये लोग नहीं समझे तो उनका लठ पूजन भी किया जाएगा। अब आरोपियों के खिलाफ मुकदमा होगा उन्हें जेल भेजा जाएगा और नौकरी खत्म होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

