बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी डीसीएम पलटी: हादसे में 13 लोग घायल, दो की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
हादसे में 13 लोग घायल, दो की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मजदूरों और उनके परिवारों को लेकर महोबा जा रही एक डीसीएम ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक समेत 13 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया।

बताया गया कि डीसीएम में ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिक और उनके परिवार के सदस्य सवार थे। सभी लोग काम समाप्त होने के बाद अपने गृह जनपद महोबा लौट रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पहले से हुए एक सड़क हादसे के कारण यातायात प्रभावित था। वाहनों को वन-वे व्यवस्था के तहत निकाला जा रहा था। इसी बीच तेज गति से आ रही डीसीएम आगे चल रहे बालू लदे ट्रक से टकरा गई और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन ने एक अन्य वाहन को भी टक्कर मारी और ग्राम छिरिया सलेमपुर के पास सड़क किनारे पलट गया।

एक घंटे तक चला राहत एवं बचाव अभियान

हादसे के बाद वाहन में सवार कई लोग भीतर फंस गए। वहीं अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को डीसीएम से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया। जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार वाजपेयी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया था। जिसमें कई वाहन फंस गए।

कई घायलों की हालत गंभीर

हादसे में चालक धर्मवीर सिंह यादव, हेल्पर प्रेमशंकर वर्मा सहित किरन प्रजापति, ज्ञानवती, सुरेश, मायावती, देवेंद्र, परदेशी, मलखान, राजाराम, पप्पू प्रजापति, अमर सिंह और रामगोपाल घायल हुए हैं। इनमें प्रेमशंकर, ज्ञानवती, मायावती, धर्मवीर, परदेशी, पप्पू, अमर सिंह और रामगोपाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में पप्पू और परदेशी की स्थिति में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तत्काल राहत कार्य शुरू कराया गया। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और यातायात डायवर्जन के बीच वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।