बेटियों के सपनों पर बाल विवाह की बेड़ियां: देश में हर साल 12 लाख शिकार, जागरूकता बढ़ी पर मंजिल अभी दूर

जिस उम्र में बेटियों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में उनके हाथों में शादी की जिम्मेदारियां थमा दी जाती हैं। जिस समय उन्हें अपने सपनों और भविष्य के बारे में फैसला लेने का अवसर मिलना चाहिए, उसी समय कई परिवार उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला कर देते हैं। बाल विवाह केवल कम उम्र में शादी नहीं, बल्कि बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अपनी जिंदगी चुनने के अधिकार से वंचित करने वाली सामाजिक कुरीति है। इसी चुनौती के प्रति दुनिया का ध्यान खींचने के लिए 27 नवंबर को पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाल, कम उम्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस मनाया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को प्रस्ताव पारित कर हर साल 27 नवंबर को यह दिवस मनाने की घोषणा की। इसका उद्देश्य बाल विवाह रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर जागरूकता, राजनीतिक प्रतिबद्धता और जवाबदेही बढ़ाना है। भारत के लिए यह दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी तारीख को 2024 में देशव्यापी ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान शुरू किया गया था। अभियान के दो साल पूरे होने पर केंद्र सरकार 27 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है।
हर पांच में से एक युवती की शादी 18 साल से पहले
बाल विवाह के खिलाफ प्रयासों के बावजूद चुनौती बड़ी है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 (2023-24) के अनुसार, देश में 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 20.1 प्रतिशत महिलाओं की शादी 18 वर्ष की उम्र से पहले हो गई थी। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (2019-21) में यह आंकड़ा 23.3 प्रतिशत था। यानी पांच साल के अंतराल में 3.2 प्रतिशत अंकों की कमी आई है, लेकिन अभी भी हर पांच में से करीब एक युवती का विवाह कानूनी उम्र से पहले हो रहा है।
उत्तर प्रदेश में भी सुधार दर्ज किया गया है। एनएफएचएस-5 में 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 15.8 प्रतिशत महिलाओं की शादी 18 वर्ष से पहले हुई थी। एनएफएचएस-6 के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक यह घटकर 13.7 प्रतिशत रह गया है। यानी राज्य में 2.1 प्रतिशत अंकों की कमी आई है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि समस्या खत्म हो गई है। हर साल बड़ी संख्या में लड़कियां कम उम्र में विवाह के दबाव का सामना करती हैं।
दुनिया में हर साल 1.2 करोड़ लड़कियां बनती हैं बालिका वधू
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, दुनिया में हर साल करीब 1.2 करोड़ लड़कियों की शादी 18 वर्ष से पहले कर दी जाती है। वर्ष 2026 तक दुनिया में लगभग 65 करोड़ महिलाएं और लड़कियां ऐसी हैं, जिनका विवाह बचपन में हुआ था। बाल विवाह की वजह से लड़कियों की पढ़ाई बीच में छूट जाती है, कम उम्र में गर्भधारण का खतरा बढ़ता है और वे घरेलू हिंसा तथा आर्थिक निर्भरता के प्रति अधिक असुरक्षित हो जाती हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने सतत विकास लक्ष्य-5 के तहत वर्ष 2030 तक बाल विवाह जैसी हानिकारक प्रथाओं को समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। लेकिन मौजूदा रफ्तार से यह लक्ष्य हासिल करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
गरीबी, असुरक्षा और सामाजिक दबाव बड़ी वजह
बाल विवाह के पीछे केवल परंपरा या रूढ़िवादी सोच नहीं, बल्कि कई सामाजिक और आर्थिक कारण भी हैं। गरीबी, लड़कियों की शिक्षा तक सीमित पहुंच, स्कूलों की दूरी, सुरक्षा को लेकर चिंता, दहेज और सामाजिक दबाव परिवारों को कम उम्र में शादी के लिए प्रेरित करते हैं। कई बार परिवार इसे बेटी की सुरक्षा और जिम्मेदारी से मुक्ति का रास्ता समझते हैं।
ग्रामीण इलाकों में आर्थिक तंगी और सामाजिक दबाव के कारण लड़कियों की पढ़ाई छुड़ाकर विवाह कर देने की घटनाएं सामने आती हैं। किशोरियों के स्कूल छोड़ने के बाद उनके दोबारा शिक्षा से जुड़ने की संभावना भी कम हो जाती है। ऐसे में बाल विवाह रोकने के लिए सिर्फ कानून बनाना पर्याप्त नहीं है। लड़कियों की पढ़ाई जारी रखने, कौशल विकास, आर्थिक आत्मनिर्भरता और परिवारों की सोच बदलने पर भी काम करना होगा।
कानून में दो साल की सजा और एक लाख रुपये तक जुर्माना
भारत में बाल विवाह रोकने के लिए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 लागू है। इसके तहत 21 वर्ष से कम उम्र का पुरुष और 18 वर्ष से कम उम्र की महिला बच्चा माने जाते हैं। यदि विवाह करने वाले पक्षों में से कोई एक भी निर्धारित उम्र से कम है तो वह बाल विवाह की श्रेणी में आता है।
कानून के तहत बाल विवाह कराने, उसमें सहायता करने या उसे बढ़ावा देने वालों को दो साल तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने की सजा हो सकती है। ऐसे अपराध संज्ञेय और गैर-जमानती हैं। बाल विवाह सामान्यतः अपने आप शून्य नहीं हो जाता, बल्कि प्रभावित पक्ष को बालिग होने के बाद निर्धारित अवधि में अदालत से विवाह निरस्त कराने का अधिकार है। जबरन विवाह, बहला-फुसलाकर या तस्करी के जरिये कराए गए विवाह जैसे कुछ मामलों में विवाह शुरू से ही अमान्य हो सकता है।
दो साल से चल रहा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान
केंद्र सरकार ने 27 नवंबर 2024 को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान शुरू किया था। इसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाना है। अभियान में केंद्र और राज्य सरकारों के साथ जिला प्रशासन, पंचायतों, स्कूलों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों को जोड़ने पर जोर दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, अभियान के तहत 6.85 लाख जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए और 12.47 करोड़ लोगों तक संदेश पहुंचाया गया। इसके अलावा 42.01 लाख लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। अभियान में बाल विवाह निषेध अधिकारियों की भूमिका मजबूत करने और जोखिम में रहने वाली किशोरियों को शिक्षा तथा कौशल विकास से जोड़ने पर भी जोर है।
शादी रोकने के साथ बेटियों की पढ़ाई बचाना भी जरूरी
बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक शादी को रुकवाने तक सीमित नहीं हो सकती। इसके लिए परिवारों को समझाना, स्कूल छोड़ चुकी किशोरियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ना, पंचायत स्तर पर निगरानी करना और बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करना जरूरी है। किसी नाबालिग की शादी की आशंका होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी जा सकती है। बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराने और बाल विवाह निषेध अधिकारियों की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा है।
बाल विवाह रोकने का असली उद्देश्य केवल शादी की उम्र बढ़ाना नहीं, बल्कि हर लड़की को पढ़ने, अपने पैरों पर खड़े होने और अपनी जिंदगी का फैसला खुद लेने का अधिकार देना है। बचपन सुरक्षित होगा, तभी बेटियों का भविष्य भी सुरक्षित होगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।