संविधान दिवस पर स्कूलों में गूंजेगा ‘हम भारत के लोग’: अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पढ़ेंगे पाठ, पोस्टर-पेंटिंग से दिखेगी बच्चों की प्रतिभा

उत्तरप्रदेश|
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पढ़ेंगे पाठ, पोस्टर-पेंटिंग से दिखेगी बच्चों की प्रतिभा
सेव सूची

संविधान दिवस पर गुरुवार, 26 नवंबर को प्रदेश के स्कूलों में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की पाठशाला सजेगी। परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी और शिक्षक एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे। इसके साथ ही पोस्टर, पेंटिंग, कोलाज और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संविधान की महत्ता, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। हालांकि, संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश के प्रति जिम्मेदारियों की समझ विकसित करना है।

परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित होंगे कार्यक्रम

प्रदेश के सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना पर विशेष जोर रहेगा। विद्यार्थी सामूहिक रूप से प्रस्तावना पढ़ेंगे और उसके शब्दों का अर्थ समझेंगे। उन्हें बताया जाएगा कि संविधान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के साथ सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का भरोसा देता है।

स्कूलों में केवल औपचारिक कार्यक्रम ही नहीं होंगे, बल्कि बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। विद्यार्थी संविधान के मूल्यों और मौलिक अधिकारों पर पोस्टर बनाएंगे। पेंटिंग और कोलाज प्रतियोगिताओं के जरिए अपनी कल्पनाशीलता दिखाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को यह समझाने की कोशिश होगी कि संविधान केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के जीवन और अधिकारों से जुड़ा दस्तावेज है।

बच्चों को बताया जाएगा अधिकार और कर्तव्य का महत्व

संविधान दिवस के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देना भी अहम रहेगा। उन्हें समानता, शिक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन जैसे संवैधानिक मूल्यों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही देश की एकता-अखंडता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने जैसे कर्तव्यों की समझ भी दी जाएगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।