आईएएस से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने खत्म किया सस्पेंस: राजनीति में उतरने का किया एलान, वीडियो जारी कर जनता से की अपील

उत्तरप्रदेश|

उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अब अपने अगले कदम को लेकर सस्पेंस खत्म कर दिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर आधिकारिक तौर पर राजनीति में उतरने का एलान कर दिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी स्थापित राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी, बल्कि अकेले ही जनता के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक राह बनाएंगी।

दिव्या मित्तल ने जारी वीडियो में कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी कर्मभूमि है और वह इसी राज्य से अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रही हैं। उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, "मैं यूपी में ही रहूंगी। डरूंगी नहीं, सवाल करूंगी। मुझे बाहुबल नहीं चाहिए, आप मेरा साथ दीजिए।" प्रशासनिक सेवा छोड़ने की असली वजह पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी सिस्टम में रहते हुए उन्होंने महसूस किया कि बजट और मंजूरी होने के बावजूद कई बार जनता की बुनियादी समस्याएं हल नहीं हो पातीं। बहुत से लोगों की आवाज सरकार तक नहीं पहुंच पाती है, इसलिए उन्होंने सीधे जनता के बीच जाकर काम करने का फैसला लिया है।

सार्वजनिक किया मोबाइल नंबर

राजनीति को जन-सरोकारों से जोड़ने के लिए दिव्या मित्तल ने एक मोबाइल और व्हाट्सएप नंबर (9198956957) भी सार्वजनिक किया है। उन्होंने अपील की है कि जो लोग उनकी इस सोच और आवाज से इत्तेफाक रखते हैं, वे इस नंबर पर संदेश भेजकर उनके इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। उनका राजनीतिक एजेंडा मुख्य रूप से ग्रामीण बुनियादी ढांचा, खराब सड़कें, पेपर लीक और रोजगार जैसे आम मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

30 अगस्त को दिया था इस्तीफा

आपको बता दें कि 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर रहते हुए अचानक प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया था। केंद्र सरकार ने 15 सितंबर 2026 से उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया था। आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ीं दिव्या मित्तल लंदन की एक बड़ी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर देश सेवा के लिए सिविल सेवा में आई थीं। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी के रूप में उनकी कार्यशैली काफी लोकप्रिय रही थी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।