एटा में कार और दो बाइकों की भीषण भिड़ंत: हादसे में 3 लोगों की मौत, बेकाबू होने के बाद पेड़ से टकराई कार

अलीगंज क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लड़सिया गांव के पास अलीगंज से एटा की ओर जा रही कार सामने से आ रही दो बाइकों से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट दूर पेड़ से जा भिड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। गंभीर हालत में घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार में दहलई गांव निवासी अश्वनी (16) और रॉबिन (22) सवार थे। लड़सिया गांव के पास उनकी कार की एटा की तरफ से आ रही दो बाइकों से भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर लड़सिया निवासी सरोज देवी पत्नी गोपी चंद्र और उनके बेटे भूपेंद्र थे। दूसरी बाइक पर राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के सिमरई निवासी शौक मुहम्मद (45), पुत्र फैयाज अली सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घायलों को भेजा गया हायर सेंटर
सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखलाक खान ने बताया कि सरोज देवी को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। शौक मुहम्मद को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, अश्वनी, रॉबिन और भूपेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया। क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के मुताबिक, कार सवार अश्वनी की भी हायर सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई।
दुर्घटना की वजह तलाश रही पुलिस
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। अलीगंज कोतवाली के उपनिरीक्षक जयवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कार कैसे अनियंत्रित हुई और दोनों बाइकों से उसकी टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

