एटा में चाचा के इश्क में पति का कत्ल: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर चाकू से गोदा, नाले में फेंका शव, वायरल ऑडियो में खुला राज
यूपी के एटा में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को हाईवे किनारे नाले में फेंक दिया। दिवाली के दिन से लापता 40 वर्षीय रामसेवक का शव मंगलवार को बरामद होने के बाद घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने मृतक की पत्नी सीमा को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका कथित प्रेमी आकाश फरार है।
दिल्ली में काम करता था रामसेवक
मामला पिलुआ थाना क्षेत्र के भदवास गांव का है। मृतक के भाई भूप सिंह के मुताबिक, रामसेवक दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में गाड़ी चलाने का काम करता था। वर्ष 2008 में उसकी मुलाकात बिहार के बेगूसराय निवासी सीमा से हुई थी। सीमा का पहला पति भी रामसेवक के साथ काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2009 में उन्होंने हाथरस की अदालत में शादी कर ली। सीमा के पहले पति से तीन बच्चे थे, जबकि रामसेवक से उसे एक बेटा और एक बेटी हुई।
रिश्ते के चाचा से पत्नी की बढ़ी नजदीकियां
परिजनों का आरोप है कि रामसेवक का रिश्ते का चाचा आकाश भी दिल्ली में रहकर काम करता था। इसी दौरान आकाश और सीमा के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसकी जानकारी होने पर रामसेवक ने विरोध किया। बताया जाता है कि पिछले करीब डेढ़ साल से सीमा और आकाश साथ रह रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद रामसेवक ने सीमा को आकाश के साथ रहने की छूट दे दी और खुद अपनी सास के साथ दिल्ली में रहने लगा।
दीपावली का त्योहार मनाने के लिए रामसेवक बच्चों के साथ गांव आया था। इस दौरान सीमा और आकाश भी गांव में मौजूद थे। आठ नवंबर की रात रामसेवक अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद नौ नवंबर को पिलुआ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
हाईवे किनारे नाले में मिला शव
मंगलवार को भदवास और भदुआ गांव के बीच हाईवे किनारे नाले में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामसेवक के रूप में की। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था। चेहरे और शरीर पर चोट के गंभीर निशान भी मिले। घटनास्थल के पास खून से सना पत्थर मिलने की बात भी सामने आई है।
मृतक के भाई भूप सिंह ने पत्नी सीमा और उसके प्रेमी आकाश पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि आकाश की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, प्रेमी ने कहा- रामसेवक को भगवान के पास पहुंचा दिया
इस हत्याकांड के बीच सोशल मीडिया पर सीमा और उसके कथित प्रेमी आकाश की बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर प्रेमी महिला से कह रहा है कि उसने रामसेवक को भगवान के पास पहुंचा दिया है। साथ ही उसे सुबह चार बजे बच्चे को लेकर घर से निकलने की सलाह दे रहा है।
वायरल ऑडियो में कथित प्रेमी यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि किसी को हत्या के बारे में न बताया जाए और रामसेवक के शराब पीकर कहीं चले जाने की बात कही जाए। बातचीत के दौरान दोनों एक-दूसरे का नाम नहीं लेने की बात भी करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि और उसकी फॉरेंसिक जांच के संबंध में पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
सीसीटीवी में शराब खरीदते दिखा आकाश
पुलिस ने रामसेवक की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में आठ नवंबर की रात आकाश गांव के पास एक शराब के ठेके से शराब खरीदते दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि उस समय रामसेवक भी उसके साथ था। इसके बाद घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की भी जांच की गई।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रामसेवक के दो बच्चे हैं। इनमें 12 वर्षीय बेटी शिखा और आठ वर्षीय बेटा आदित्य शामिल हैं। पिता की हत्या और मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों बच्चों के पालन-पोषण को लेकर संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी अब उनके चाचा पर आ सकती है।
पुलिस ने क्या कहा?
एटा के एएसपी श्वेताभ पांडेय के मुताबिक, रामसेवक का शव हाईवे किनारे नाले से बरामद किया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।