रामपुर जेल में आजम खां से मिले पूर्व सीएम: भाजपा पर साधा निशाना, कहा-आजम थे, आजम हैं और रहेंगे

उत्तरप्रदेश|

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रामपुर जेल में पार्टी नेता आजम खां से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सियासत गरमा गई है। इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे। किसी भी परिवार ने और खास तौर पर किसी राजनीतिक परिवार ने उतना अन्याय नहीं झेला है जितना कि आजम खां के परिवार ने झेला है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आजम खां के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। इन झूठे मामलों के कारण उन्हें कई साल जेल में बिताने पड़े हैं। उन्होंने भाजपा पर शिक्षा और ज्ञान की परवाह न करने का आरोप लगाया। जेल में दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान आजम खान के स्वास्थ्य और उनकी स्थिति को लेकर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने आजम खां से व्यक्तिगत जुड़ाव का उल्लेख करते हुए इस मुलाकात को भावनात्मक रिश्ता बताया।

झूठे मामलों में सत्य को हमेशा के लिए कैद करने की शक्ति नहीं

अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि झूठे मामलों में सत्य को हमेशा के लिए कैद करने की शक्ति नहीं होती। उन्होंने स्वीकार किया कि इसमें कुछ समय या देरी लग सकती है लेकिन उनका मानना है कि झूठे आरोप सत्य को बंदी नहीं बना सकते। अखिलेश ने यह भी कहा कि यह उनकी पहली रामपुर यात्रा नहीं है। उन्होंने रामपुर के साथ अपने राजनीतिक और भावनात्मक रिश्ते को भी बताया।

भाजपा को शिक्षा या ज्ञान से लेना देना नहीं

अखिलेश के इस बयान को दोनों नेताओं के बीच संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल रहे हैं। रामपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे में जेल में अखिलेश यादव की उनसे मुलाकात को पार्टी के भीतर संबंधों और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। अखिलेश ने कहा, सच तो यह है कि भारतीय जनता पार्टी को शिक्षा या ज्ञान से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें विश्वविद्यालयों की भी कोई परवाह नहीं है। विश्वविद्यालय को तो पूरी तरह से बर्बाद कर दिया गया है। इसे नष्ट करने के लिए जो साजिशें रची गईं, वे ऐसी हैं कि शायद किसी भी सरकार ने यहां तक कि किसी तानाशाही सरकार ने भी शिक्षा के क्षेत्र में इतनी तबाही नहीं मचाई होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।