हाथरस में एटा हाईवे पर भीसड़ सड़क हादसा: तीन की ऑन द स्पॉट मौत, चार घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
उत्तर प्रदेश के हाथरस में अलीगढ़-एटा हाईवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें नोएडा से आ रही एक बेकाबू कार पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक मासूम बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार सभी लोग नोएडा से बांगरमऊ एक शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे।
नोएडा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कार में सवार सभी लोग नोएडा से बांगरमऊ (उन्नाव) एक शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे।
कार में कुल सात लोग थे सवार
यह घटना सिकंदरा राव से 6 किलोमीटर आगे गांव उमरावपुर के पास लगभग 2:30 बजे हुई। कार इंडिकेटर बोर्ड को तोड़ती हुई पुलिया की साइड में जा पलटी। कार में बच्चा समेत कुल सात लोग सवार थे। मृतकों में कार चालक राम जी पुत्र संजय पाल उर्फ पप्पू, अवधेश पुत्र नामालूम और जगतपाल पुत्र पुत्तीलाल शामिल हैं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया
राम जी बांगरमऊ हरदोई के निवासी थे। अवधेश आलापुर मुरादाबाद और जगतपाल 50 वर्ष बांगरमऊ के निवासी थे। घायलों में गोल्डी 28 वर्ष, राजीव 30 वर्ष, नकश ढाई वर्ष और माया 40 वर्ष शामिल हैं। ये सभी बांगरमऊ हरदोई के निवासी बताए गए हैं। घायलों को तत्काल बागला सिविल अस्पताल हाथरस रेफर किया गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
शोक सभा में भाग लेने जा रहे थे
सूचना मिलने पर हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार को सीधा करके उसमें फंसे मृतकों को बाहर निकाला। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) लाया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों को रात में ही बागला सिविल अस्पताल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, यह सभी लोग नोएडा से बांगरमऊ में किसी शोक सभा में भाग लेने जा रहे थे।











