श्रावस्ती में दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत: हादसे में दो चालकों की मौत, बाहर सो रहे परिवार पर गिरीं लकड़ियां

श्रावस्ती में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग बौद्ध परिपथ पर हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के खरगौरा बस्ती स्थित विजयी पुरवा के पास लकड़ी से लदे ट्रक और कोल्ड ड्रिंक से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लकड़ी से भरे ट्रक का लोड सड़क किनारे एक घर के बाहर सो रहे लोगों पर जा गिरा। हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौत हो गई। वहीं, दंपती और उनके बेटे सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक बहराइच से बलरामपुर की ओर जा रहा था। वहीं, दूसरा बलरामपुर से बहराइच की तरफ आ रहा था। विजयी पुरवा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक पर लदी लकड़ियां सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे अरुण कुमार पांडे उर्फ पिंटू (32), उनकी पत्नी सीमा पांडे (30) और 13 वर्षीय बेटे पीयूष पर जा गिरीं। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी को अस्पताल पहुंचाया।
तीन अन्य भी घायल
हादसे में कोल्ड ड्रिंक से भरे ट्रक के चालक अंशु (40), पुत्र धारा सिंह, निवासी गुलरिया जगत, थाना भुता, जिला बरेली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लकड़ी से लदे ट्रक के चालक अमजद हुसैन, निवासी देवरी, थाना खेसरहा, जिला सिद्धार्थनगर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में खलासी गोपी सिंह (42), निवासी मुरादपुर, थाना भुता, जिला बरेली, नबीउल्लाह निवासी अमर दोहबा, थाना बखिरा जिला संतकबीर नगर और ट्रक में सवार मोहम्मद सद्दाम (30), निवासी तंबौर जिला सीतापुर भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने हटवाए वाहन
सूचना मिलते ही नवीन मॉडर्न थाना प्रभारी जयहरि मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रकों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









