गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: पिता-पुत्री की मौत, मदद कर रहे लोगों को भी वाहनों ने रौंदा

अमरोहा जनपद के सैदनगली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में पंजाब निवासी पिता-पुत्री की मौत हो गई। वहीं एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब मनोना धाम से इलाज कराकर चंडीगढ़ लौट रहा एक परिवार सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद घायलों की मदद के लिए रुके लोगों को भी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों ने टक्कर मार दी। जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
जानकारी के अनुसार पंजाब के मोहाली जनपद के ढकोली क्षेत्र निवासी लक्ष्मण सिंह अपने परिवार के साथ मनोना धाम से बेटी आशु का इलाज कराकर वापस चंडीगढ़ लौट रहे थे। रविवार तड़के जब उनकी मैजिक सैदनगली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंची। तभी अचानक वाहन के सामने एक कुत्ता आ गया। मैजिक चला रहे लक्ष्मण के बड़े बेटे दीपक ने कुत्ते को बचाने के लिए वाहन मोड़ने का प्रयास किया। लेकिन संतुलन बिगड़ने से मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए।
राहत कार्य के दौरान बढ़ा हादसा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वाहन के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। कुछ ही पलों में एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हादसे का दायरा बढ़ गया।
पिता-पुत्री की मौत, कई घायल
इस भीषण हादसे में 65 वर्षीय लक्ष्मण सिंह और उनकी 22 वर्षीय बेटी आशु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सरिता, दीपक, दीपिका, राहुल, परी, नैतिक और खुशप्रीत समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल सरिता को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक पिता-पुत्री की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी पंकज त्यागी ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









