फिरोजाबाद में टायर ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग: आसमान में 30 फीट ऊंची उठीं लपटें, खाली कराए गए आसपास के घर
उरमुरा किरार गांव में रविवार दोपहर टायर से ऑयल निकालने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। टायर और ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग कुछ ही देर में विकराल हो गई। फैक्ट्री से 30-40 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। धुएं के कारण आसपास सांस लेना मुश्किल हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आसपास का इलाका खाली कराया। पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी कर दी।
आग लगने के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी बाहर निकल आए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। धुएं की तीव्रता को देखते हुए फायर फाइटर्स मास्क लगाकर ऑपरेशन चला रहे हैं। आग को आसपास फैलने से रोकने के लिए तीन जेसीबी की मदद से फैक्ट्री परिसर और आसपास रखे पुराने टायर हटाए जा रहे हैं। शिकोहाबाद फायर ब्रिगेड प्रभारी के साथ मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडे भी मौके पर मौजूद हैं।
पंप खराब होने से पानी की दिक्कत
सीएफओ सत्येंद्र पांडे ने बताया कि आग की सूचना करीब ढाई बजे मिली थी। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि जहां आग लगी है, वहां पंप खराब हो गया है। इसके कारण पानी की आपूर्ति में दिक्कत आ रही है। फिलहाल आग बुझाने का ऑपरेशन जारी है। सीएफओ के मुताबिक, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पहले भी लग चुकी है ऐसी आग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस फैक्ट्री में पहले भी इसी तरह की भीषण आग लग चुकी है। इसके बावजूद दोबारा आग लगने की घटना ने फैक्ट्री के फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन भी अभी नहीं हो सका है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

