फिरोजाबाद में रेलवे ट्रैक पर मिला नर्सिंग छात्रा का शव: कपड़ों के आधार पर की गई पहचान, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

फिरोजाबाद में एक निजी नर्सिंग कॉलेज की छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई है। मटसैना थाना क्षेत्र के मोढ़ा कनैटा में रेलवे लाइन के पास जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा की लाश बरामद हुई, जिसकी पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की गई है। मृतका मैनपुरी जनपद के औछा इलाके की रहने वाली थी और कॉलेज के ही हॉस्टल में रह रही थी।
छात्रा के भाई और पिता ने कॉलेज प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि कॉलेज के डायरेक्टर और उसके बेटे द्वारा छात्रा पर गलत कमेंट किए जा रहे थे और मिलने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। भाई के अनुसार, 27 अक्टूबर को छात्रा ने फोन कर इस प्रताड़ना के बारे में बताया था। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। इसके अलावा फीस को लेकर भी परेशान करने की बात सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
पुलिस जांच में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में मृतका मंगलवार की रात करीब एक बजे हॉस्टल की दीवार फांदकर बाहर जाती हुई दिखाई दे रही है। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव ट्रैक पर पड़ा मिला।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस का शुरुआती आकलन
मटसैना थाना प्रभारी विमलेश त्रिपाठी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

