गोल्ड मेडलिस्ट खोजी डॉग 'मैरी' ने दिलाई सफलता: मासूम से रेप करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, गमछा सूंघकर पुलिस को दिखाया रास्ता

संभल जिले के बबराला थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची से रेप के सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस ने खोजी डॉग 'मैरी' की मदद से किया है। अपनी सूझबूझ और सटीक ट्रैकिंग क्षमता के बल पर मैरी ने आरोपी तक पहुंचने में पुलिस की महत्वपूर्ण मदद की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने डॉग स्क्वायड टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
पुलिस के अनुसार 18 जून को थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम बच्ची के साथ रेप की घटना हुई थी। वारदात के दौरान आरोपी का एक गमछा घटनास्थल पर छूट गया था। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। खोजी डॉग मैरी ने गमछे को सूंघने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की। कई किलोमीटर तक पुलिस टीम का मार्गदर्शन करती रही। लंबी खोजबीन के बाद वह पुलिस को आरोपी के गांव तक ले गई। हालांकि उस समय आरोपी घर से फरार मिला।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
मामले में पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में बबराला थाना पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान बबराला-रजपुरा मार्ग पर गांव नगरिया काजी के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी भोलू घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी संदीप घायल हो गया। इसके बाद उसे मौके से उसे अरेस्ट कर लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए।
कई मामलों के खुलासे में निभा चुकी है अहम भूमिका
डॉग स्क्वायड प्रभारी इतेंद्र सिंह ने बताया कि मैरी बैच-36 ट्रैकिंग की गोल्ड मेडलिस्ट डॉग है। वह वर्ष 2019 से जनपद में सेवाएं दे रही है। चोरी, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों के सफल अनावरण में अहम भूमिका निभा चुकी है। उसकी असाधारण सूंघने की क्षमता और ट्रैकिंग कौशल के कारण वह पुलिस विभाग की सबसे भरोसेमंद खोजी डॉग्स में शामिल है। पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने बताया कि हालिया मामले के खुलासे में मैरी और डॉग स्क्वायड टीम का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने टीम के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









