हरदोई में बदमाशों ने सराफा कारोबारी को लूटा: पांच किलो चांदी से भरा बैग लेकर हुए फरार, आखं में मिर्च डालकर घटना को दिया अंजाम
हरदोई में नेशनल हाईवे पर फिल्मी अंदाज में एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। यहां लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के पास बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी की कार को ओवरटेक करके रोक लिया और कार का शीशा तोड़कर पांच किलो चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित सराफा व्यापारी की पहचान लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी हृदय राम सोनी के रूप में हुई है। वह सोने-चांदी के थोक व्यापारी हैं। वह अपने ड्राइवर के साथ कार से शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान शाहाबाद कस्बे से करीब दो किलोमीटर आगे बजरी प्लांट के पास पीछे से आ रही एक बिना नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें ओवरटेक किया।
आंखों में मिर्च झोंककर तोड़ा शीशा
बदमाशों ने कारोबारी की गाड़ी को कट मारकर रोकने का प्रयास किया, जिससे बचने के चक्कर में व्यापारी की कार सड़क किनारे बजरी पर चढ़कर रुक गई। इसके बाद कार सवार चार नकाबपोश युवक नीचे उतरे। बदमाशों ने कार के भीतर बैठे व्यापारी के साथ मारपीट की और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने कार का शीशा तोड़ा और पीछे की सीट पर रखा पांच किलो चांदी का बैग छीनकर लखनऊ की तरफ तेजी से फरार हो गए।
जांच में जुटीं पुलिस की तीन टीमें
हाईवे पर लूट की इस सनसनीखेज वारदात के बाद हरदोई के पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक कुमार मीणा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अखिलेश सिंह के नेतृत्व में घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीम हाईवे के आसपास स्थित पेट्रोल पंपों और ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कार और बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। पड़ोसी जिले उन्नाव में भी अलर्ट जारी कर चेकिंग बढ़ा दी गई है।










