हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग: गोदाम में धमाकों से दहशत, घंटों तक चला राहत अभियान

धौलाना थाना क्षेत्र के ककराना गांव स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। ज्वलनशील रसायनों से भरे भंडारण क्षेत्र में आग लगते ही कुछ ही मिनटों में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग के दौरान फैक्ट्री परिसर से लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। जिससे आसपास के ग्रामीणों और औद्योगिक इकाइयों में दहशत का माहौल बन गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ककराना गांव स्थित वीडीएच फैक्ट्री में सुगंधित उत्पादों और अन्य औद्योगिक उपयोग के लिए विभिन्न प्रकार के रसायनों का निर्माण किया जाता है। फैक्ट्री गाजियाबाद निवासी कारोबारी गगनदीप सिंह की बताई जा रही है। फैक्ट्री के केमिकल स्टोरेज सेक्शन में अचानक आग लग गई। वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही समय में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग के दौरान गोदाम के भीतर रखे कंटेनरों और रासायनिक पदार्थों के कारण कई तेज धमाके हुए। जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के जनपदों से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी और फोम की बौछार कर आग को नियंत्रित करने की रणनीति अपनाई। देर रात तक राहत अभियान जारी रहा। आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे।
पेट्रोल पंप और औद्योगिक इकाइयों ने बढ़ाई चिंता
फैक्ट्री के समीप पेट्रोल पंप तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों की मौजूदगी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। यदि आग आसपास के प्रतिष्ठानों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा बनाया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी की और बचाव कार्यों का जायजा लिया।
जांच के बाद सामने आएंगे कारण
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिकता आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की है। आग बुझने के बाद विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। तकनीकी जांच के आधार पर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि की नहीं हुई है। प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है। प्रभावित क्षेत्र की निगरानी जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










