हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डबल डेकर बस पलटी, 17 यात्री घायल
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई हैं।
यह दुर्घटना बिलग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे के कट-329 के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खोने की वजह से एक्सप्रेसवे के किनारे खाई में जा पलटी। तड़के सुबह हुए इस हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
अवैध रूप से संचालन का आरोप
सूचना मिलते ही हरदोई पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस के शीशे तोड़कर फंसे हुए घायलों को बाहर निकाला। शुरुआती जांच और रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डबल डेकर बस अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस बस चालक और यात्रियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दो यात्री मेडिकल कॉलेज रेफर
पुलिस प्रशासन द्वारा सभी 17 घायल यात्रियों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षित कराया और यातायात व्यवस्था को संभाला। पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है।










