युवक की मौत के बाद हाईवे पर बवाल: पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल, बॉडी रख चार घंटे तक किया सड़क जाम

उत्तरप्रदेश|

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को रायबरेली के सलोन क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बॉडी रखकर सलोन-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई जब आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और राहगीर घायल हो गए। करीब चार घंटे तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

पूरे कुशल गांव निवासी मेवालाल शनिवार रात एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था। सोमवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर गांव के तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर प्रदर्शन

मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बॉडी लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। सूचना मिलने पर एसडीएम मिथिलेश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र पाल समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पथराव से बिगड़ा माहौल

वार्ता के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और राहगीर घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभालने का प्रयास किया। करीब चार घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। वहीं, प्रशासन प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने में जुटा रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।