कन्नौज में ट्रक और डीजल टैंकर की भीषण भिड़ंत: दो की मौत , तीन गंभीर रूप से घायल
कन्नौज जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के फर्रुखाबाद रोड पर समधन कस्बे के पास एक ट्रक और डीजल से भरे टैंकर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,डीजल से भरा एक टैंकर कानपुर की ओर से आ रहा था, तभी फतेहगढ़ की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और गाड़ियों में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे का शिकार हुए लोग
हादसे में टैंकर चालक कमल सिंह करकसा, रायबरेली और हेल्पर अखिलेश बिलबहार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रक चालक जगतराम, उसका हेल्पर राहुल और टैंकर में सवार अंबुज गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मौके पर पहुंचा पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल कन्नौज भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया है और पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

